
जिलाधिकारी बृजेश कुमार जी की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा 31 दिवसीय अभियान, सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ व्यापक जनसहभागिता पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न हुई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 31 दिवसीय अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार दायित्व, नोडल अधिकारियों, स्थल चयन, संसाधन, जनसहभागिता की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थल, नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी, संबंधित विभाग, सहयोगी संस्था निर्धारित करते हुए समेकित कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
गौरतलब है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान में केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं प्रदेश सरकार के 10 वर्षों की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक उपलब्धियों, लाभार्थियों एवं परिवर्तनकारी कार्यों का प्रमाणिक डेटा संकलित करने तथा डिजिटल माध्यम से प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना भी शामिल है।
*17 सितंबर को सेवा दिवस से होगा शुभारंभ*
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ के तहत अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण तथा सायं 7 बजे प्रमुख विकास एवं अवस्थापना स्थलों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रमुख स्थलों का चयन कर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*विद्यार्थियों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक होंगे कार्यक्रम*
‘मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण एवं डिबेट प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी तथा श्रेष्ठ प्रविष्टियों की प्रदर्शनी कराई जाएगी।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय आयोजन, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान, पोषण-स्वास्थ्य जागरूकता, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा बच्चों को उपयोगी सामग्री वितरण किया जाएगा।
*लाभार्थी कहानियां, सेवा गतिविधियां और सेवा शिविर होंगे अभियान का प्रमुख हिस्सा*
‘सेवा की कहानी’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों पर रील एवं डिजिटल कंटेंट तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स को अभियान से जोड़ा जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, वृद्धाश्रम एवं अनाथालय सेवा, नशामुक्ति, पोषण, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग, गौशाला सेवा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी कराई जाएगी। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता सत्यापन एवं आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य एवं दिव्यांगजन कल्याण शिविर भी आयोजित होंगे।
*सेवा ज्योति, रंगोली एवं नवाचार कार्यक्रम भी होंगे आयोजित*
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के तहत प्रमुख स्थल पर सेवा कलश की स्थापना, जनभागीदारी एवं सामूहिक संकल्प कार्यक्रम होगा। इसके साथ ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ के अंतर्गत जनपद एवं विकासखंड स्तर पर प्राकृतिक सामग्री से रंगोली तैयार कराई जाएगी, जिसमें कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी।
अभियान में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रम भी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी मोहित मनोहर, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

