
एसएसपी ने पछायगांव और बढ़पुरा थाने का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी ने शनिवार को थाना पछायगांव एवं थाना बढ़पुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना प्रभारी कार्यालय, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, पुलिसकर्मियों के आवास, भोजनालय सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी ने संबंधित प्रभारियों से थाने की व्यवस्थाओं और समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव, थाना परिसर की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण तथा जनसुनवाई की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

