
गणेशोत्सव में 22 नि:शुल्क एंबुलेंस और 25 बाइक राइडर्स चिकित्सा सेवा के लिए तैयार
‘आरोग्यसेवा आपके द्वार’ अभियान का पत्रकार भवन में शुभारंभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। गणेशोत्सव के दौरान पुणे पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तत्काल और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष 22 नि:शुल्क एंबुलेंस और 25 बाइक राइडर्स चिकित्सा सेवा के लिए तैनात किए गए हैं। ‘आरोग्यसेवा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ पत्रकार भवन में किया गया।
मानाचा चौथा श्री तुलशीबाग सार्वजनिक गणपति मंडल ट्रस्ट, नवसाचा गणपति हुतात्मा बाबू गेनू मंडल ट्रस्ट, श्री गजलक्ष्मी ट्रस्ट और आम्ही पुणेकर संस्था के संयुक्त प्रयास तथा राइडर्स ऑफ दक्खन के सहयोग से यह व्यवस्था की गई है। गणेशोत्सव के दौरान शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 22 एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
अरुंध सड़कें, भारी भीड़ और यातायात के कारण कई बार एंबुलेंस को मौके तक पहुंचने में समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में 25 बाइक राइडर्स प्राथमिक उपचार का सामान लेकर तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। इससे आपात स्थिति में ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान मरीज को समय पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कसबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमंत भाऊ रासने, तुलशीबाग सार्वजनिक गणपति मंडल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष नितीन पंडित, विनायक कदम, किरण चौहान, उत्सव प्रमुख हेमंत जाधव, गजलक्ष्मी ढोल-ताशा पथक के प्रमुख केतन देशपांडे, नगरसेविका स्वप्नाली नितीन पंडित, सुमित ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यश सालुंखे, डॉ. विजय ताते, नानासाहेब ओव्हाळ, डॉ. विजय पाटील सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. नानासाहेब ओव्हाळ ने कहा कि गणेशोत्सव की भारी भीड़ के दौरान किसी भी समय चिकित्सा आपात स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में नागरिकों को समय पर उपचार मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गणपति दर्शन के दौरान धक्का-मुक्की से बचने और एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की।
आम्ही पुणेकर संस्था के अध्यक्ष हेमंत जाधव ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत छह एंबुलेंस से हुई थी और आज इसका विस्तार 22 एंबुलेंस तक हो गया है। गणेशोत्सव के दौरान अब तक हजारों नागरिकों को इस सेवा के माध्यम से समय पर चिकित्सा सहायता मिल चुकी है। इसके अलावा ढोल-ताशा पथक के वादकों, गणेश मंडलों के कार्यकर्ताओं, अग्निशमन जवानों, पुलिसकर्मियों, पुलिस मित्रों और पत्रकारों की स्वास्थ्य जांच भी की जाती है।
नवसाचा गणपति हुतात्मा बाबू गेनू मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाळासाहेब मारणे ने बताया कि यह अभियान अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। विभिन्न गणेश मंडलों एवं संस्थाओं के सहयोग से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
तुलशीबाग सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास पवार ने कहा कि पिछले दस वर्षों से यह सेवा लगातार जारी है। इसका उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान आपात स्थिति में श्रद्धालुओं तक चिकित्सा सुविधा पहुंचने में किसी तरह की देरी न हो।
ऑटोमेटिक एंबुलेंस भी बनी आकर्षण
इस अवसर पर अर्चना मारणे-रासकर द्वारा तैयार की गई ऑटोमेटिक एंबुलेंस की जानकारी भी दी गई। दिव्यांग एवं बुजुर्ग लोगों को आसानी से सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई इस अभिनव एंबुलेंस की जानकारी अमेरिका तक पहुंचने की बात आयोजकों ने कही।
इन स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
फरासखाना पुलिस स्टेशन, हुतात्मा बाबू गेनू मंडल, कसबा गणपति मंडल, केसरीवाड़ा, गरुड़ गणपति, तिलक रोड सहित पुणे जिले के अष्टविनायक मंदिर क्षेत्रों में एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
मोरगांव के श्री मोरेश्वर गणपति, रांजणगांव के श्री महागणपति मंदिर और थेऊर के श्री चिंतामणि मंदिर में एक-एक एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। गणेशोत्सव की पूरी अवधि में एंबुलेंस के साथ डॉक्टर, नर्स और प्रशिक्षित प्राथमिक उपचार दल भी सक्रिय रहेगा।
आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए नागरिक 108 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों के अनुसार जरूरतमंदों को नि:शुल्क एंबुलेंस, डॉक्टर, नर्स, प्राथमिक उपचार और आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।



