
पुणे में फिट इंडिया और प्रदूषणमुक्त शहर का संदेश, 5 हजार पुणेकरों ने लिया हिस्सा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी की पहल पर रमाबाई आंबेडकर महिला सशक्तिकरण केंद्र की ओर से ‘पुणे ऑन पेडल्स’ साइकिल रैली और ‘पुणे फैमिली वॉकेथॉन’ का आयोजन किया गया। स्वास्थ्यपूर्ण जीवनशैली और प्रदूषणमुक्त पुणे का संदेश देने वाले इस आयोजन में करीब 5 हजार पुणेकरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मयूर कॉलोनी स्थित बालशिक्षण मंदिर से शुरू होकर कर्वे रोड, डेक्कन जिमखाना और छत्रपति संभाजी महाराज पुतला मार्ग से होते हुए वापस बालशिक्षण मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
इस अवसर पर 150 गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। रैली में शामिल प्रतिभागियों को पदक, प्रमाणपत्र और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पर्वतारोही गणेश आगाशे, खो-खो प्रशिक्षक पुष्कर बर्वे, खो-खो पुरस्कार विजेता राखी बर्वे, आयरनमैन प्रतियोगिता विजेता कुणाल और मीनल काशीकर, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी विष्णु ताम्हाणे, क्लाइंबर रुद्र करंदीकर व किया रेवणकर, खेल फोटोग्राफर नितिन खानोलकर तथा अल्ट्रा साइकिलिंग प्रतियोगिता के विजेता प्रशांत और मेधा जोग को सम्मानित किया गया।
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। ‘फिट इंडिया’ के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य और फिटनेस को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने साइकिल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आने वाले समय में साइकिल प्लान पर जोर देने की आवश्यकता बताई।
प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘पुणे ऑन पेडल्स’ साइकिल रैली का यह सातवां वर्ष है। स्वस्थ जीवन और प्रदूषणमुक्त पुणे के उद्देश्य से यह पहल लगातार आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में पूर्व नगरसेवक जयंत भावे, विश्राम कुलकर्णी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जयंत भावे ने कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन को सफल बनाने में निलेश मिसाल, जान्हवी जोशी, यामिनी मठकरी, निनाद पटवर्धन, गिरीश डोंगरे, कल्याणी टोकेकर, अमित पागे, शैलेश संचेती, प्रकाश तापकीर, अमेय कोकाटे, लोकेश राणे, दिनेश मुंडे, दिपाली मोहिते और तेजस गुप्ता ने योगदान दिया।


