
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत एसएसपी इटावा एवं एएसपी नगर इटावा द्वारा थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी पर संभ्रान्त व्यक्तियों के साथ की गयी बैठक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आज दिनांक 12.09.2026 को जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर इटावा श्री अभयनाथ त्रिपाठी द्वारा थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी परिसर में क्षेत्र के संभ्रान्त व्यक्तियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक की गयी।
बैठक के दौरान अधिकारीगण द्वारा उपस्थित नागरिकों से आगामी त्योहारों के संबंध में जानकारी एवं सुझाव प्राप्त किए गए तथा आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गयी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने एवं उसे आगे प्रसारित न करने के लिए जागरूक किया गया।
महोदय द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए निर्धारित नियमों एवं परम्पराओं के अनुरूप त्योहार मनाने तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की गयी, जिससे आपसी सौहार्द प्रभावित हो।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, निरंतर पुलिस गश्त, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था तथा अराजक एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं विधि सम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर एवं पुलिस के अन्य अधि0/कर्म0गण उपस्थित रहें।
इटावा पुलिस आमजन के सहयोग एवं सहभागिता से आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।


