
अंतर्राष्ट्रीय गुर्जर दिवस एवं सम्राट मिहिर भोज जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान धौलपुर राजस्थान
धौलपुर। अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा, धौलपुर की ओर से गुर्जर कॉलोनी में अंतर्राष्ट्रीय गुर्जर दिवस एवं गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज महान की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में सर्वसमाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गंगाराम गुर्जर एवं जिलाध्यक्ष भारत गुर्जर ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज का जन्म विक्रम संवत 873 (ईस्वी 816) में भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया, वराह जयंती के दिन हुआ था। उन्होंने बताया कि इसी उपलक्ष्य में विभिन्न राज्यों में गुर्जर दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ खीर-पूरी एवं अन्य पकवान बनाए जाते हैं। वहीं विभिन्न स्थानों पर भंडारे, सभाएं, रैलियां, रक्तदान एवं फल वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
वक्ताओं ने सम्राट मिहिर भोज को प्रतापी शासक बताते हुए कहा कि उन्होंने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि सम्राट मिहिर भोज भगवान विष्णु के वराह स्वरूप के उपासक थे, जिसके कारण उन्हें ‘आदिवराह’ की उपाधि से भी जोड़ा जाता है।
गिरीश कुमार शर्मा ने कहा कि गुर्जर प्रतिहार वंश का इतिहास भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी और आमजन को गुर्जर प्रतिहारों के इतिहास एवं योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने सम्राट मिहिर भोज से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों और स्थापत्य निर्माणों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में गंगाराम गुर्जर, भारत गुर्जर, गिरीश कुमार शर्मा, पवन पंडित, अनिल शर्मा, सौरभ जैन, नरेश गुर्जर, केशव, रामनरेश, गट्टी पहलवान, अभिषेक, सचिन, आदित्य शर्मा, भूरा पंडित, प्रिंस सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


