उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने की तैयारी, 1.90 लाख दीप जलाने का लक्ष्य

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने की तैयारी, 1.90 लाख दीप जलाने का लक्ष्य

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनपद में व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं अभियान के नोडल अधिकारियों की बैठक शुदति ग्लोबल अकादमी इंटर कॉलेज, औरैया में आयोजित की गई।

 

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में न्यूनतम 101 दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही प्रत्येक अभिभावक से अपने घर में दो-दो दीप जलाने का आह्वान किया गया है।

 

बैठक में बनी सहमति के अनुसार जनपद के माध्यमिक विद्यालयों एवं अभिभावकों की सहभागिता से करीब 1.90 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के बीच सेवा, संस्कार, एकता तथा सकारात्मक सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।

 

मेरे सपनों का भारत’ पर होंगी प्रतियोगिताएं

 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।

 

प्रत्येक विद्यालय से दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5-5 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं, विचारों और देश के प्रति अपनी सोच को रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

 

विद्यालयों से अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान

बैठक के दौरान जिले के संयोजक ऋषि पाण्डेय ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों, कार्यक्रमों एवं आयोजन की विस्तृत जानकारी प्रधानाचार्यों तथा नोडल अधिकारियों को दी। उन्होंने विद्यालयों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कर अभियान को जनपद में व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जाए।

 

बैठक में मौजूद सभी प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग देने तथा विद्यालय स्तर पर निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी सहमति एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button