पूणेमहाराष्ट्रस्वास्थ्य

गणेशोत्सव में डाक विभाग की जनसेवा पहल

गणेशोत्सव में डाक विभाग की जनसेवा पहल

पुणे शहर मुख्य डाकघर में मेडिकल सेवा, नाइट कैंप पोस्ट ऑफिस और पुलिसकर्मियों के लिए विशेष व्यवस्था

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान पुणे महाराष्ट्र 

पुणे। पुणे के भव्य गणेशोत्सव के दौरान भारतीय डाक विभाग ने सामाजिक सरोकार और जनसेवा की दिशा में सराहनीय पहल की है। ‘डाक सेवा, जन सेवा’ के मूलमंत्र के तहत गणेश भक्तों और पुणेकरों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवा, विशेष डाक सुविधाएं तथा पुणे पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।

 

डाकघर परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर

 

श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट की ओर से आयोजित चिकित्सा शिविर के लिए भारतीय डाक विभाग ने पुणे सिटी पोस्ट ऑफिस परिसर में करीब 500 वर्गफुट जगह उपलब्ध कराई है। इस चिकित्सा सेवा का उद्घाटन रविवार, 13 सितंबर 2026 को पोस्टमास्टर जनरल, पुणे क्षेत्र श्रीमती प्रीति अग्रवाल के हाथों किया गया।

 

इस अवसर पर श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति मंडल के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, प्रवर अधीक्षक नितीन येवला, प्रवर डाकपाल विलास घुले सहित डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

15 से 25 सितंबर तक ‘नाइट कैंप पोस्ट ऑफिस’

 

गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुणे शहर प्रधान डाकघर में ‘नाइट कैंप पोस्ट ऑफिस’ की विशेष सुविधा शुरू की जा रही है। यह सुविधा 15 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात 11:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

 

इस दौरान नागरिक डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI), ‘माय स्टांप’, आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) की बीमा एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

 

पुणे पुलिस के लिए भी विशेष व्यवस्था

 

गणेशोत्सव के दौरान दिन-रात कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुणे शहर पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए भी डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। पूरे गणेशोत्सव काल में पुणे शहर प्रधान डाकघर का प्रांगण, विश्रामगृह और स्नानघर पुलिसकर्मियों के विश्राम एवं भोजन के लिए उपलब्ध कराया गया है।

 

नागरिकों और श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराना उद्देश्य

 

पोस्टमास्टर जनरल, पुणे क्षेत्र श्रीमती प्रीति अग्रवाल ने कहा कि गणेशोत्सव के पावन अवसर पर नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवश्यक चिकित्सा एवं डाक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना डाक विभाग का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने नागरिकों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

 

डाक विभाग की ओर से श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति ट्रस्ट द्वारा जनसेवा के इस कार्य के लिए अवसर उपलब्ध कराने पर ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया गया। इस सामाजिक पहल के लिए श्रीमती प्रीति अग्रवाल एवं निदेशक अभिजित बनसोडे ने पुणे शहर प्रधान डाकघर तथा पुणे शहर पश्चिम विभाग के सभी कर्मचारियों के योगदान की विशेष सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button