
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) की तैयारियों का जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया / जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपद में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की प्रथम स्तरीय जाँच (First Level Checking-FLC) को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सम्पन्न कराए जाने हेतु की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जाँच के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों एवं मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर एफएलसी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रथम स्तरीय जाँच की प्रक्रिया में उपस्थित रहने हेतु नियमानुसार समय से आमंत्रित किया जाए तथा उन्हें एफएलसी से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता एवं उनकी उपस्थिति के संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जाँच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। अतः इसमें पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एफएलसी स्थल पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल, सीसीटीवी निगरानी तथा ईवीएम के रख-रखाव एवं आवागमन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एफएलसी के दौरान की जाने वाली प्रत्येक कार्यवाही का नियमानुसार अभिलेखीकरण एवं रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नियमानुसार सूचना एवं आमंत्रण उपलब्ध कराते हुए पूरी प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अमर सिंह सहित निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी गण आदि उपस्थित रहे।



