
किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान सीडीओ ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उर्वरक, कृषि रसायन तथा विद्युत सहित खेती से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
सीडीओ ने किसानों को बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। जनपद में अब तक 91.48 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है। उन्होंने शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बनवाने की अपील की और बताया कि आईडी न होने पर किसान संबंधित योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
किसान दिवस में पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने लम्पी त्वचा रोग, थनेला, खुरपका-मुंहपका सहित पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों और उनकी रोकथाम की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम पलट ने खरीफ फसलों में लगने वाले रोगों तथा रबी सीजन की फसलों गेहूं, चना, मटर, सरसों, जौ और तोरिया की खेती के संबंध में किसानों को जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी ने संकर शाकभाजी, प्याज-लहसुन, फूलों की खेती सहित विभागीय योजनाओं और अनुदान की जानकारी दी। वहीं कृषि विभाग ने रबी सीजन के सामान्य एवं निशुल्क बीजों की बुकिंग की जानकारी किसानों को दी। अधिकारियों ने बताया कि किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in अथवा नजदीकी जन सेवा केंद्र के माध्यम से बीज की बुकिंग करा सकते हैं।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, विद्युत, सिंचाई, नलकूप, मत्स्य, रेशम, सहकारिता, मंडी और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



