
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देवकली मंदिर में आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम हुआ आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में आयोजित किए जा रहे “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के क्रम में आज जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थल देवकली मंदिर में भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए।
देवकली मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में माननीय जनपद प्रभारी मंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग, राकेश कुमार राठौर, उपाध्यक्ष, राज्य मद्यनिषेध परिषद ब्रजेश शुक्ला, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, जिला अध्यक्ष सर्वेश कठेरिया तथा प्रशासक, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किए।
इस अवसर पर देवकली मंदिर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सेवा, समर्पण, सामाजिक एकजुटता एवं जनकल्याण की भावना के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न शासकीय संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। जनपद में कुल 7,56,089 दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने किया दीप प्रज्ज्वलन
इसी क्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में भी दीप प्रज्ज्वलित किए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की। कलेक्ट्रेट परिसर दीपों से जगमगा उठा और वातावरण में सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रसारित हुआ।
जिलाधिकारी ने कहा कि “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम जनसहभागिता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए इसे सफल एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।



