
क्राइम सीन मैनेजमेंट पर इटावा पुलिसकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
घटनास्थल की सुरक्षा, साक्ष्य संरक्षण और वैज्ञानिक विवेचना पर दिया गया विशेष जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । रिजर्व पुलिस लाइन इटावा स्थित मीटिंग हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में क्राइम सीन मैनेजमेंट विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर इटावा श्री अभयनाथ त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड यूनिट टीम इटावा द्वारा जनपद के सभी थानों पर नियुक्त दो-दो आरक्षी एवं महिला आरक्षियों को घटनास्थल प्रबंधन के संबंध में विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने के बाद की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई, घटनास्थल की सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संरक्षण की तकनीकी जानकारी देना रहा।
फील्ड यूनिट टीम ने पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचते ही किए जाने वाले प्राथमिक कार्यों, घटनास्थल को सुरक्षित रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को नियंत्रित करने तथा महत्वपूर्ण साक्ष्यों की पहचान और उनके वैज्ञानिक तरीके से संकलन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
प्रशिक्षण में घटनास्थल को यथासंभव मूल स्वरूप में बनाए रखने, भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के संरक्षण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को जागरूक किया गया कि घटनास्थल पर अनावश्यक गतिविधियों से बचते हुए साक्ष्यों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न होने पाए।
इसके अलावा विभिन्न प्रकार के अपराधों से जुड़े घटनास्थलों पर साक्ष्य संकलन एवं संरक्षण, घटनास्थल की सुरक्षा व्यवस्था तथा विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों की उपयोगिता के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साक्ष्यों की श्रृंखला सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि विवेचना के दौरान उनकी प्रमाणिकता और उपयोगिता बनी रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी का वास्तविक घटनाओं में प्रभावी उपयोग किया जाए तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण घटनास्थल पर वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी ने भी घटनास्थल की सुरक्षा और साक्ष्य संरक्षण की प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाने तथा विवेचना की गुणवत्ता में सुधार के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के माध्यम से जनपद के सभी थानों पर नियुक्त आरक्षी एवं महिला आरक्षियों को क्राइम सीन मैनेजमेंट के संबंध में प्रशिक्षित किया गया, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे घटनास्थल पर प्रारंभिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संरक्षण एवं सुरक्षित संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इटावा पुलिस द्वारा अपराधों के अनावरण एवं विवेचना को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता-विकास पर निरंतर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



