
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने रंगों और शब्दों में रचा अपने सपनों का भारत
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहाड़ी में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से विकसित, शिक्षित, स्वच्छ, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत की परिकल्पना को अभिव्यक्त किया। जिले में सभी शैक्षिक संस्थानों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का प्रारंभ हो गया है ।
इसी क्रम में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊगंज में भी ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को कागज पर उकेरा। विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के दौरान प्राचार्य श्री उमाशंकर सोनी एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को निरंतर रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करने तथा अपनी प्रतिभा एवं विचारों के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, रचनात्मक अभिव्यक्ति और देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच देखने को मिली। विद्यार्थियों ने चित्रों एवं भाषण के माध्यम से ऐसे भारत की कल्पना प्रस्तुत की, जो शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी प्रगति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में निरंतर आगे
बढ़े।

