
सेवा संकल्प अभियान के तहत डिजिटल लेबर चौक एवं लेबर कार्ड पंजीकरण शिविर आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रम विभाग, औरैया द्वारा श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने तथा श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड औरैया की ग्राम पंचायत बकरपुर माफी एवं विकासखंड अजीतमल की ग्राम पंचायत बहादुरपुर ऊंचा में डिजिटल लेबर चौक एवं लेबर कार्ड पंजीकरण जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक की उपयोगिता, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया तथा इसके माध्यम से रोजगार के अवसर प्राप्त करने की जानकारी विस्तार से दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल लेबर चौक का उद्देश्य श्रमिकों को तकनीक के माध्यम से रोजगार से जोड़ना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान 51 श्रमिकों का डिजिटल लेबर चौक पर पंजीकरण कराया गया। इसके साथ ही उपस्थित श्रमिकों से लेबर कार्ड बनाने हेतु आवश्यक विवरण प्राप्त किए गए तथा उन्हें पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई।
मौके पर विभागीय टीम द्वारा श्रमिकों को पंजीकरण संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया तथा 25 श्रमिकों का लेबर कार्ड पंजीकरण भी किया गया।
श्रम विभाग ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में ऐसे जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को डिजिटल सेवाओं से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।



