
ग्रामीण स्टेडियम एवं नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश: जिलाधिकारी।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने विकासखंड भाग्यनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिवालय, डिजिटल पुस्तकालय, निर्माणाधीन ग्रामीण स्टेडियम कंचौसी तथा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय एवं डिजिटल पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि डिजिटल पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं द्वारा अध्ययन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने सचिवालय की व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाए रखने पर बल दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कंचौसी में निर्माणाधीन ग्रामीण स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि परियोजना की कुल स्वीकृत धनराशि ₹9.435 करोड़ है तथा वर्तमान में वित्तीय प्रगति 82 प्रतिशत एवं भौतिक प्रगति 89 प्रतिशत है।
निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि मुख्य भवन में प्लास्टर, स्लैब वायरिंग, पीवीसी विंडो, दरवाजे, विद्युत कार्य तथा बाउंड्रीवाल का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि टाइल्स, पट्टी एवं फ्लोरिंग का कार्य प्रगति पर है। बाह्य विकास कार्य के अंतर्गत लगभग 75 प्रतिशत मिट्टी भराई का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जलभराव एवं अतिवृष्टि के कारण प्रभावित कार्यों का शीघ्र समाधान कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन एवं हॉस्टल ब्लॉकों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति तथा उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री का परीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹9.856 करोड़ है तथा वर्तमान में वित्तीय प्रगति 42 प्रतिशत एवं भौतिक प्रगति 45 प्रतिशत है।
निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि मुख्य भवन के भूतल में चिनाई का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा प्रथम तल में चिनाई का कार्य प्रगति पर है। हॉस्टल ब्लॉक-ए के भूतल में शटरिंग एवं सरिया का कार्य जारी है, जबकि किचन हॉस्टल ब्लॉक-बी के द्वितीय तल की स्लैब ढलाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करते रहने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, खण्ड विकास अधिकारी भाग्यनगर अतुल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।



