
नमो सेवा गाथा से गूंजा मऊगंज, नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाई सेवा और बदलाव की कहानी
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर परिषद मऊगंज में लोक कलाकारों ने दी भावपूर्ण एवं संगीतमय प्रस्तुति
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज .सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर परिषद मऊगंज में ‘नमो सेवा गाथा’ विषय पर लोक कलाकारों के दल द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी जा रही है। कलाकारों ने भावपूर्ण एवं संगीतमय नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में हुए विभिन्न बदलावों की कहानियों को आमजन के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मध्यप्रदेश में ‘नमो सेवा’ कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी कहानियां आमजन तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।
नुक्कड़ नाटक में स्वच्छता अभियान, कोरोना संक्रमण के दौरान बचाव एवं टीकाकरण, धारा-370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक एवं ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न प्रमुख घटनाओं और उपलब्धियों को नाट्य रूपांतरण के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। ‘नमो सेवा’ के अंतर्गत प्रदेश में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गांव, शहर, स्कूल, कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थलों तक सेवा और बदलाव की प्रेरक कहानियां पहुंचाई जा रही हैं। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल सहित क्षेत्र के नागरिकों ने नुक्कड़ नाटक का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया और कलाकारों की प्रभावी प्रस्तुति की सराहना
की।



