
लाड़ली लक्ष्मी योजना से आयुषी के सपनों को मिली नई उड़ान
कक्षा 12वीं में मिली ₹6 हजार की छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा के लिए भी मिलेगा आर्थिक संबल
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज : शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं बेटियों के सपनों को पंख देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना से प्रदेश की बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग मिल रहा है। ऐसी ही लाभान्वित बालिका हैं आयुषी मिश्रा जो गजरहां की निवासी हैं।
आयुषी बताती हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। कक्षा 12वीं में उन्हें 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है। यह राशि उनकी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग का माध्यम बनी है। आयुषी का कहना है कि आगे कॉलेज में प्रवेश लेने पर उन्हें 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त होगी, जिससे उच्च शिक्षा जारी रखने में उन्हें और सहयोग मिलेगा।आयुषी के लिए यह आर्थिक सहायता केवल एक राशि नहीं, बल्कि उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में मिला महत्वपूर्ण संबल है। वह आगे पढ़ाई कर अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहती हैं। योजना से मिलने वाले सहयोग ने उनके मन में शिक्षा को लेकर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की नई उम्मीद पैदा की है। आयुषी कहती हैं, “लाड़ली लक्ष्मी योजना से मुझे पढ़ाई के लिए अच्छा सहयोग मिला है। इस योजना के माध्यम से मुझे आगे भी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। मैं मन लगाकर पढ़ाई कर अपने सपनों को पूरा करना चाहती हूं।”आयुषी योजना के माध्यम से मिलने वाले भविष्य के लाभों को लेकर भी उत्साहित हैं। वह बताती हैं कि योजना के प्रावधानों के अनुसार आगे उन्हें निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के तहत आर्थिक सहायता का लाभ मिलेगा। उनके लिए यह सहयोग भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार है।आयुषी ने शासन की इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है।



