
अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में पुलिसकर्मियों के लिए सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में बेसिक शिक्षा विभाग के स्पेशल एजुकेटर ने पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा के संबंध में जानकारी देते हुए बुनियादी प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला का उद्देश्य बधिर एवं श्रवण-बाधित लोगों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा उन्हें पुलिस सेवाओं में समान भागीदारी का अवसर सुनिश्चित करने के प्रति पुलिसकर्मियों को जागरूक करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान सांकेतिक भाषा के माध्यम से संवाद करने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अजीतमल ने बेसिक शिक्षा विभाग के स्पेशल एजुकेटर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग की ओर से कहा गया कि समावेशी समाज के निर्माण के लिए संवाद की बाधाओं को दूर करना और प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों एवं सम्मान के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना आवश्यक है।



