इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह ने की।

 

प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को मूक-बधिर एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों से सांकेतिक भाषा के माध्यम से प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए आवश्यक जानकारी और व्यवहारिक प्रशिक्षण देना रहा। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को ऐसे व्यक्तियों की शिकायतों को समझने, उनकी समस्याओं के प्रभावी निराकरण तथा पुलिस सेवाओं तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में सांकेतिक भाषा के विभिन्न संकेतों, संवाद की मूलभूत विधियों तथा श्रवण बाधित व्यक्तियों से संवाद के दौरान अपनाए जाने वाले व्यवहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।

 

अपर पुलिस अधीक्षक अपराध ने पुलिसकर्मियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग आमजन, विशेषकर दिव्यांग एवं श्रवण बाधित लोगों के साथ संवेदनशीलता और प्रभावी संवाद स्थापित करने में करने के निर्देश दिए।

 

इटावा पुलिस की ओर से बताया गया कि समावेशी एवं संवेदनशील पुलिसिंग के तहत प्रत्येक व्यक्ति तक पुलिस सेवाओं की सहज और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button