उत्तर प्रदेशएग्रीकल्चरऔरैया

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट मानस सभागार में हुआ सजीव प्रसारण।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट मानस सभागार में हुआ सजीव प्रसारण।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित”मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना” एवं “भारत टैक्सी” सेवा का शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार लाखन सिंह राजपूत, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड इटावा के अध्यक्ष अभय सिंह सेंगर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड औरैया के अध्यक्ष नितिन अवस्थी, पूर्व प्रत्याशी बिधूना श्रीमती रिया शाक्य, सांसद प्रतिनिधि सुभाष शाक्य, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड औरैया एवं बिधूना के वरिष्ठ प्रबंधक, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कृषक बंधु आदि उपस्थिति में देखा व सुना गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों के आर्थिक सशक्तीकरण तथा कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना का उद्देश्य पात्र कृषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। बताया गया कि योजना के अंतर्गत समय पर ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र कृषकों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा आगामी 5 वर्षों में लगभग 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।

इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। बताया गया कि सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित भारत टैक्सी देश का पहला सहकारी नेतृत्व वाला डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। “सारथी ही मालिक” की सहकारी भावना पर आधारित इस व्यवस्था में चालक स्वयं सदस्य एवं हितधारक बनते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ चालकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभय सिंह सेंगर ने सहकारिता से जुड़े बैंक अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक पात्र कृषकों को योजना से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कृषकों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन दोनों पहलों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button