
परिवहन एवं खनिज विभाग के अधिकारी राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति लाएं – कमिश्नर
ओव्हर लोड एवं बिना परमिट के चलने वाली यात्री बसो पर जुर्माने की कार्यवाही की जाए
खनिज अधिकारी उड़नदस्ता दल के साथ फील्ड पर सक्रिय रहकर अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई करें
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने बुधवार को कमिश्नर सभाकक्ष में परिवहन एवं खनिज विभाग के राजस्व लक्ष्य वसूली एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला खनिज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शासन द्वारा दिए गए राजस्व वसूली के लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करते हुए राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति लाएं। वर्तमान में राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति न लाने पर कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी गण फील्ड में सतत रूप से सक्रिय रहकर दिए गए राजस्व लक्ष्य की पूर्ति करें। कमिश्नर ने सभी परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह संभाग के सभी जिलों में चलने वाली ओव्हर लोड यात्री बसों, बिना परमिट चलने वाली बसों, बिना फिटनेस व बिना किराया सूची चस्पा करने वाली बसों, जिन बसों में अग्निशमन यंत्र नहीं है एवं अन्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों को पूरा न करने वाली यात्री बसों पर जुर्माने की कार्रवाई करें।
बताया गया कि रीवा जिले में बिना परमिट, ओव्हर लोड एवं बिना फिटनेस के तथा बिना किराया सूची और बिना अग्निशमन यंत्र के चलने वाली 163 यात्री बसों पर चालान की कार्रवाई की गई है। जिसमें शासन के पक्ष में 5 लाख 18 हजार 500 रुपए की राजस्व की वसूली भी की गई है। सीधी जिले में 68 चालानी कार्रवाई कर 3 लाख रुपए, सतना जिले में 61 चालानी कार्रवाई कर 2 लाख 30 हजार रुपए एवं सिंगरौली जिले में 65 चालानी कार्रवाई करते हुए 2 लाख 59 हजार रुपए जुर्माने की कार्रवाई की गई है। कमिश्नर ने 1 अप्रैल 2026 से 31 अगस्त 2026 तक राजस्व वसूली के तहत हुई कार्रवाइयों की समीक्षा की और सभी परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह वर्ष 2026–27 के तहत पुराने वसूली प्रकरण में राजस्व वसूली की कार्रवाई तेज करते हुए शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करना सुनिश्चित करें। इस दौरान कमिश्नर ने अवैध वाहन संचालन पर अप्रैल माह से सितंबर माह तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि राइट ऑफ होने वाले वाहनों में भी राजस्व वसूली की कार्रवाई तेज की जाए। बताया गया कि अभी वसूली हेतु 6 करोड़ रुपए की राशि शेष है। कमिश्नर ने सभी जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पुराने बकाया वसूली से शेष रह गए वाहनों की संख्या उपलब्ध कराएं। उन्होंने अवैध वाहनो के संचालन पर अब तक की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। बताया गया कि हाई स्पीड एवं बिना लाइसेंस चलने वाली तथा प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन न करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
खनिज विभाग के राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी जिला खनिज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने जिले में सक्रिय उड़नदस्ता दल के साथ फील्ड पर सक्रिय रहकर अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी सीमेंट फैक्ट्रियों में लेटराइट की मात्रा की जांच करने के लिए सैंपल अनिवार्य रूप से लिये जाएं। सैंपल की जांच हेतु उन्हें लैब में भी भेजा जाए। कमिश्नर ने सीधी एवं सिंगरौली जिले में कोयले से भरे ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर संज्ञान लेते हुए ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि किसी भी स्थिति में खनिज रायल्टी की चोरी न होने पाए। कमिश्नर ने इस वर्ष स्वीकृत नवीन खदानों के संबंध में जानकारी ली तथा खदानों में स्टाक सत्यापन की संख्या की समीक्षा की। बताया गया कि रीवा में खदान स्टाक सत्यापन की संख्या 15, मऊगंज में पांच, सतना में 22, मैहर में सात, सीधी में 28 व सिंगरौली में 32 हैं। इससे कुल 6 करोड़ 41 लाख रुपए की राजस्व की वसूली की गई है। बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल एवं संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला खनिज अधिकारी उपस्थित रहे।


