
शासकीय परिसरों के पुनर्विकास एवं भूमि के बेहतर उपयोग के लिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करे – कलेक्टर
पुनर्घनत्वीकरण कार्ययोजना को संबंध में बैठक संपन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज: कलेक्टर कक्ष में कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में पुनर्घनत्वीकरण (Redensification) के संबंध में आयोजित बैठक में जिले के पुराने एवं जर्जर कार्यालय भवनों व शासकीय आवासों के पुनर्विकास और शासकीय भूमि के बेहतर एवं व्यवस्थित उपयोग के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक मे कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत तैयार किए गए प्रस्तावों पर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत नवीन जनपद कार्यालय, नवीन अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसील कार्यालय, ऑडिटोरियम निर्माण, आवासीय परिसर, सार्वजनिक पार्क निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण एवं फूड कोड सहित सहित अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य उपलब्ध शासकीय भूमि का अधिकतम एवं सुव्यवस्थित उपयोग करते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त शासकीय परिसरों का विकास करना है। इससे शासकीय कार्यों के संचालन के साथ आमजन एवं शासकीय कर्मचारियों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं नजूल शाखा को ऐसे परिसरों की सूची अद्यतन करने के निर्देश दिए, जहां पुनर्विकास की संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रस्ताव तैयार करते समय उपलब्ध भूमि, वर्तमान उपयोग तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रस्तावों के निराकरण और क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र,एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हाउसिंग बोर्ड अनुशिका जैन, लोक निर्माण विभाग के एडीओ राजेश श्रीवास्तव ,राजस्व विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


