
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
अगला जन विश्वास शिविर 26 सितम्बर को सीएफटी पहाड़ी में होगा आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षताय में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, सीएम मॉनिट, विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि 100 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव द्वारा आगामी सप्ताह में 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों की राज्य स्तर से समीक्षा की जाएगी। इसके दृष्टिगत सभी विभागीय अधिकारी राज्य स्तरीय समीक्षा से पूर्व लंबित शिकायतों का समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बताया कि अगला जन विश्वास शिविर 26 सितम्बर को सीएफटी पहाड़ी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अभियान के सुचारू संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित सभी गतिविधियों को प्राथमिकता पर रखा जाए। अभियान से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा मैदानी स्तर पर गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित शिकायतों एवं उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा इसकी दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी बनाने तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण का कार्य सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित मामलों का भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने समग्र आईडी की ई-केवाईसी, आधार कार्ड निर्माण एवं अपडेशन से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


