
पुणे के चित्रकार रमेश थोरात को ललित कला अकादमी राष्ट्रीय पुरस्कार
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। पुणे के सुप्रसिद्ध चित्रकार रमेश विठ्ठल थोरात को नई दिल्ली में आयोजित 65वें राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में ललित कला अकादमी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की प्रमुख उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
देशभर से 2,495 कलाकारों की 6,175 कलाकृतियां प्रदर्शनी के लिए प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 270 कलाकृतियों का चयन किया गया। इनमें से 20 कलाकृतियों को पुरस्कार के लिए चुना गया। पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपये नकद, मानचिह्न, प्रमाणपत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए गए।
रमेश थोरात को इससे पहले भी कई पुरस्कार मिल चुके हैं। भारत के साथ विदेशों में भी उनकी चित्र प्रदर्शनियां आयोजित हो चुकी हैं तथा उनकी कलाकृतियां विभिन्न संग्रहों में शामिल की गई हैं।
थोरात की चित्रशैली में मिट्टी, सूर्यकिरणों, आध्यात्मिक भाव और रहस्यमय विचारों की झलक दिखाई देती है। उनकी कलाकृतियों में किसी कथा या वास्तविक दृश्य के बजाय भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभूतियों को रंगों व विविध पोत के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाता है। विशेष बात यह है कि उनकी कलाकृतियों को कोई नाम नहीं दिया जाता, जिससे दर्शकों को उनमें अपने-अपने अर्थ और विचार तलाशने की स्वतंत्रता मिलती है।



