
इटावा में गांधी जयंती व शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने किया माल्यार्पण
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर जिलाधिकारी महोदय ने किया ध्वजारोहण, विचार गोष्ठी में महात्मा गांधी के आदर्शों को अपनाने का दिया संदेश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार एवं कार्य असाधारण थे। उनका जीवन सादगी, सत्य, अहिंसा, त्याग और मानवीय संवेदनाओं का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपने जीवन में अपनी गलतियों को स्वीकार किया और उन्हें सार्वजनिक रूप से लिखने का साहस भी किया। उन्होंने अहिंसा को अपना प्रमुख अस्त्र बनाकर दुनिया को एक नई राह दिखाई।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि गांधी जी सदैव दूसरों की पीड़ा को समझते थे और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशील रहते थे। उन्होंने त्याग को महत्व दिया तथा सादा जीवन व्यतीत करते हुए समाज को सत्य और नैतिकता का संदेश दिया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने जीवन में गलतियों की संभावना को न्यूनतम करने, अहंकार एवं कामना के भाव को त्यागने तथा प्रत्येक व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण रखने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज में शांति, सद्भाव एवं मानवता की भावना को मजबूत करने में मार्गदर्शक हैं। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
स्वतंत्रत पत्रकार श्री गणेश ज्ञानार्थी ने कहा कि हमें महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। गांधी जी का जीवन हमें प्रत्येक दिन कुछ नया सीखने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर ही हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जीआईसी की छात्राओं द्वारा ‘रघुपति राघव राजा राम’ गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने वातावरण को गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों से भावपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उपजिलाधिकारी न्यायिक श्वेता मिश्रा, उप जिलाधिकारी राकेश, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत जिलाधिकारी महोदय ने टीवी अस्पताल में आयोजित टीबी कैम्प का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने टीबी एवं कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों को फल वितरित किए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मरीजों का उत्साहवर्धन करते हुए समय से उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए प्रेरित किया।



