प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भिजवाने में लापरवाही बरतने वाले डीडीओ पर की जाएगी कार्रवाई – कमिश्नर शीलेंद्र सिंह

पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भिजवाने में लापरवाही बरतने वाले डीडीओ पर की जाएगी कार्रवाई – कमिश्नर शीलेंद्र सिंह

कर्मचारी एवं शिक्षकों के पेंशन प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले आहरण संवितरण अधिकारियों के वेतन रोकने एवं नोटिस देने के दिए निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा . रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने संभागीय समय सीमा की बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की एवं सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आगामी माह में अपने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी एवं शिक्षकों के पेंशन प्रकरण प्राथमिकता से संभागीय पेंशन कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि उक्त कार्य में लापरवाही बरतने वाले सभी आहरण संवितरण अधिकारियों के विरुध प्रभावशील कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने विभिन्न विभाग के उन आहरण संवितरण अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए जिन्होंने अभी तक अपने कर्मचारियों एवं शिक्षकों के सेवानिवृत्ति के प्रकरण पेंशन कार्यालय नहीं भिजवाए हैं। कमिश्नर ने ऐसे आहरण संवितरण अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के भी निर्देश दिए।

 

 

कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुखों का यह पहला दायित्व है कि यदि किसी कर्मचारी या शिक्षक की विभागीय जांच चल रही है तो विभागीय जांच जल्द से जल्द पूरा कर उनके पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भिजवाए जाएं। यदि किसी कर्मचारी या शिक्षक की जन्मतिथि, ज्वाइनिंग तिथि या नामांकन में कोई त्रुटि है तो उस त्रुटि को प्राथमिकता से सुधारने का कार्य किया जाए। यदि त्रुटि सुधार शासन स्तर से ही संभव है तो आहरण संवितरण अधिकारी शासन स्तर से सभी त्रुटियों में सुधार कराकर कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण ऑनलाइन पेंशन कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने नोडल अधिकारी उपायुक्त राजस्व श्री एल एल अहिरवार को निर्देश दिए कि वे सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को समक्ष में बुलाकर कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरण का निराकरण कराना सुनिश्चित करें। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को प्राथमिकता से कारण बताओ नोटिस भी जारी करते हुए उनके वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जाए। न्यायालयीन प्रकरण को छोड़कर यदि किसी कर्मचारी की विभागीय जांच लंबित है तो विभागीय जांच पूरी करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत कर उनके पेंशन के प्रकरण बनाए जाएं और उन्हें पेंशन सहित सभी स्वत्वो का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए।

 

 

कमिश्नर ने आगामी माह में सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों के पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भिजवाने मे गंभीरता न दिखाने पर संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वह अपने दो आहरण संवितरण अधिकारियों को इस लापरवाही के लिए नोटिस जारी करें। कमिश्नर ने गुढ महाविद्यालय के एक लंबित पेंशन प्रकरण में अभी तक पे फिक्सेशन न करने पर और इसके अभाव में पेंशन से वंचित रह जाने वाले एक प्रकरण पर गुढ महाविद्यालय के प्राचार्य का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आयुष विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों से संबंधित पेंशन के प्रकरण अब तक संभागीय पेंशन कार्यालय न भिजवाने पर सख्त नाराज़गी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ एवं संयुक्त संचालक आयुष विभाग का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने पेंशन प्रकरण में लापरवाही बरतने पर मेडिकल कॉलेज के एकाउंटेंट का एक इंक्रीमेंट रोकने एवं तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सभी संभागीय अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी की माह जुलाई, अगस्त और सितंबर में सेवानिवृत्त हुए सभी कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण निराकृत कर उन्हें पेंशन सुचारू रूप से दिलाई जाए। साथ ही उन्होंने आगामी अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय में ऑनलाइन भिजवाने के निर्देश दिए और कहा कि इस कार्य लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर प्रभावशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व श्री एल एल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर एल एल एम, श्री पीयूष भट्ट सहित सभी संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button