
कमिश्नर ने संभाग के विभिन्न जिलों से आए आवेदनकर्ताओं के आवेदनों पर की सुनवाई
किसी ने बकाया स्वत्व दिलाने तो किसी ने ग्राम पंचायत के भ्रष्टाचार की जांच की मांग की
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा 06 अक्टूबर 2026. आम जनों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से प्रति मंगलवार जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संभागीय कमिश्नर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने संभाग के सतना, मैहर, सीधी, सिंगरौली, रीवा एवं मऊगंज जिले से आए आवेदकों के आवेदनों पर सुनवाई की एवं यथा संभव सभी आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में आए सेवानिवृत्त लैब टेक्नीशियन सीताराम मिश्रा ने बताया कि वह मार्च 2026 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं लेकिन आज दिनांक तक जीआईएस के अलावा उन्हें अन्य किसी भी स्वत्वों का भुगतान नहीं हुआ है, उन्होंने अपने सभी बकाया स्वत्वों के भुगतान दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य को उक्त आवेदक का परीक्षण कर आवेदनकर्ता के बकाया सभी स्वत्वों का भुगतान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत विहरिया के रणबहादुर सिंह ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम पंचायत विहरिया में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार है। उन्होंने एक जांच दल गठित कर ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार की जांच करने की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त आयुक्त विकास श्री वीरेंद्र पटेल को उक्त आवेदन का परीक्षण कर ग्राम पंचायत के कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए। रीवा की श्रीमती सुशीला सुभाष गौतम ने अपने प्लांट के बीचों-बीच से पीछे के लोगों के घरों में दिए गए विद्युत कनेक्शन वायर से होने वाली परेशानी के संबंध में आवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्युत कनेक्शन वायर हटाने की मांग की। तत्संबंध में कमिश्नर ने चीफ इंजीनियर एमपीईबी को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रीवा के वीरेभ प्रसाद द्विवेदी ने प्रदेश के समस्त जिलों में आवारा पशु एवं पंजीकृत शासकीय एवं अशासकीय संचालित गौशालाओं में फर्जी पशु खुरागी समूह द्वारा आहरण करने के संबंध में जांच करने की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग को आवेदन का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सतना के संतोष दहिया ने श्रीमती कुसुम दहिया के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनाने में विगत वर्षों से आ रही दिक्कत के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि एसडीएम चुरहट एवं एसडीएम के रीडर द्वारा फाइल भटकाई जा रही है। उन्होंने तहसील चुरहट में पदस्थ रीडर का स्थानांतरण करने की मांग की। उक्त आवेदन को संज्ञान में लेते हुए कमिश्नर ने कलेक्टर सीधी को आवेदन का परीक्षण कर संपूर्ण जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम रेदुआ खुर्द जिला सीधी के पुष्पेंद्र यादव ने भू माफियाओं द्वारा ग्राम की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया और बताया गया कि भू माफियाओं द्वारा मकान एवं भूमि की बिक्री भी करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मकान एवं भूमि बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। कमिश्नर ने डिप्टी कमिश्नर एल एल एम को संपूर्ण आवेदन का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सरोज बाई खटीक वार्ड नंबर 30 रीवा ने अपने नजूल प्लांट में वारिसाना नामांतरण करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया और बताया कि पति की मृत्यु के बाद नजूल प्लांट में वारिसाना नामांतरण का उनका प्रकरण विगत 6 माह से आरआई प्रतिवेदन न होने की स्थिति में लंबित है। कमिश्नर ने कलेक्टर रीवा को उक्त आवेदन में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रीवा के अरुण कुमार तिवारी ने नाला-नाली के साथ परिवहन और अतिक्रमण के संबंध में उत्पन्न समस्या एवं शिकायतों के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर कहा कि नगर निगम को इससे राजस्व एवं टैक्स चोरी को बढ़ावा देने का कारण बन रहा है। कमिश्नर ने आयुक्त नगर निगम को आवेदन का परीक्षण कर समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व श्री एल एल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर एल एल एम, श्री पीयूष भट्ट सहित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


