
औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न मार्गों के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न मार्गों के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, मंडी, सिंचाई विभाग, जिला पंचायत, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे मार्गों के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की विभागवार समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जनपद में वर्तमान में क्षतिग्रस्त, जर्जर एवं मरम्मत योग्य मार्गों की स्थिति, अब तक कराए गए नवीनीकरण कार्यों तथा प्रस्तावित कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की सभी प्रमुख सड़कों, संपर्क मार्गों एवं ग्रामीण मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए आवश्यकतानुसार नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें आमजन के आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए मार्गों की गुणवत्ता एवं उनकी स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यों की नियमित रूप से स्थलीय जांच भी की जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर गड्ढे अथवा अन्य प्रकार की क्षति है, उनका चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण की कार्यवाही की जाए। कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं। साथ ही पूर्ण हो चुके मार्गों की गुणवत्ता का भी सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जल निगम ग्रामीण एवं जल निगम शहरी द्वारा पाइपलाइन आदि कार्यों के लिए काटी गई सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग द्वारा जहां भी सड़कें काटी गई हैं, वहां संबंधित कार्य पूर्ण होने के उपरांत सड़क को पूर्ववत स्थिति में लाने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने निर्देशित किया कि काटी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराकर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले मार्गों के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी विभागीय कार्य के कारण सड़क की गुणवत्ता प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा सड़क पर किए जाने वाले कार्यों में आपसी समन्वय रखा जाए, ताकि एक ही मार्ग को बार-बार काटने की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत के बाद जल निकासी की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे बारिश के दौरान जलभराव के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त न हों।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बेहतर एवं सुरक्षित सड़क व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र में मार्गों की स्थिति का नियमित अनुश्रवण करें और जहां भी सड़क की स्थिति खराब हो, वहां आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करें।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


