
अमृत सरोवर परिसर में विकसित होंगी आधुनिक एवं जनोपयोगी सुविधाएं,
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
चोरौत प्रखंड के महादेव चौक स्थित अमृत सरोवर परिसर को आकर्षक, सुविधायुक्त एवं जनोपयोगी स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं को लेकर जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने बुधवार को स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति एवं तैयारियों की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अमृत सरोवर परिसर में प्रस्तावित सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर परिसर को आम लोगों के लिए बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के साथ ही इसके उद्घाटन की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अमृत सरोवर परिसर में लोगों की सुविधा एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए सभी योजनाओं के अभिसरण से ग्राम संगठन के लिए भवन,ग्रामीण हाट, सामुदायिक शौचालय,आंगनवाड़ी केंद्र विवाह भवन, शौचालय एवं चेंजिंग रूम, यात्री शेड, गेट संख्या-1 एवं 2, वाहन पार्किंग, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीण पार्क, विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मंच, महादेव मंदिर का विकास, मार्ट एवं सामुदायिक भवन सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान परिसर की उपयोगिता, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर परिसर का समग्र विकास होने से यह क्षेत्र स्थानीय लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण जनोपयोगी एवं आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगा।
स्थल निरीक्षण के दौरान निदेशक, एनईपी संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बर्री बेहटा पंचायत में मुक्ति धाम का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने आज चोरौत प्रखंड के बर्री बेहटा पंचायत में हरही नदी के किनारे निर्मित मुक्ति धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से निर्माण कार्य की जानकारी ली।
मुक्ति धाम का निर्माण 15वें वित्त आयोग, छठी वित्त आयोग एवं मनरेगा की योजनाओं के तहत कराया गया है। जिलाधिकारी ने परिसर की स्वच्छता, रखरखाव एवं जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।


