बिहारप्रशासनसीतामढ़ी

दुर्गापूजा, दीपावली व छठ को लेकर पुलिस ने कसी कमर

दुर्गापूजा, दीपावली व छठ को लेकर पुलिस ने कसी कमर

 

डीआईजी व एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार

सीतामढ़ी,। आगामी दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस केंद्र, सीतामढ़ी में पुलिस उपमहानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर एवं पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व-त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के लिए जारी लाइसेंस, निर्धारित मार्ग तथा निर्धारित शर्तों का हर हाल में अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। पूजा-पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए वहां सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर

 

पुलिस अधिकारियों को जिले के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। वरीय पुलिस पदाधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने तथा स्थानीय परिस्थितियों की लगातार समीक्षा करने को कहा गया। असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवी गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष नजर रखने के साथ आवश्यकता के अनुसार नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

 

सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति एवं पूजा समितियों के साथ बैठक आयोजित कर आपसी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों को स्थानीय लोगों के साथ संवाद कायम रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

जुलूस और भीड़ वाले इलाकों में कड़ी सुरक्षा

 

पर्व-त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, नियमित गश्ती एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने पर बल दिया गया।

 

अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पूजा-पंडालों, जुलूस मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया।

 

यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी

 

त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष यातायात निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

 

आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्ग में बदलाव, वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पर्व के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

 

बैठक के दौरान सांप्रदायिक दंगा एवं तनाव, पुलिस पर हमला, एनडीपीएस एक्ट तथा शस्त्र अधिनियम से संबंधित लंबित कांडों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को लंबित अनुसंधान को शीघ्र पूरा कराने तथा कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

 

नवनियुक्त सिपाहियों को अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा का पाठ

 

बैठक में जिले में नवनियुक्त सिपाहियों के चल रहे प्रशिक्षण की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। नवनियुक्त सिपाहियों के साथ मार्गदर्शन बैठक-सह-ब्रीफिंग आयोजित कर उन्हें पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की जानकारी दी गई।

 

सिपाहियों को वर्दी की गरिमा बनाए रखने, पुलिस मैनुअल एवं निर्धारित नियमों का पालन करने तथा अपने आचरण एवं कार्यशैली से पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, जवाबदेही एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर विशेष जोर दिया।

 

दंगा निरोधक बल की तैयारियों की भी समीक्षा

 

बैठक में दंगा निरोधक पुरुष एवं महिला दल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपलब्ध वाहनों तथा दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल को हर समय सतर्क एवं तैयार रखने का निर्देश दिया।

 

अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-01, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सार्जेंट मेजर, अंचल निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button