
विभागीय योजनाओं से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाए तथा उनका प्रशिक्षण भी कराया जाए।
जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध वितरण केन्द्रों पर उपलब्ध उर्वरक तथा बिक्री दर को कराया जाए प्रदर्शित।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित की गयी।
बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है जिनका वितरण केन्द्रों के माध्यम से विक्रय कराया जा रहा है। उक्त के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विक्रय/ वितरण केन्द्रों पर उपलब्ध और उर्वरकों की मात्रा तथा उनके विक्रय दर को सूचना पट के माध्यम से प्रदर्शित कराया जाए साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी स्तर पर उर्वरक की कालाबाजारी न हो इसके लिए विक्रय/ वितरण केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया जाए और किसानों से भी संपर्क कर फीडबैक लिया जाए। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि यंत्र तथा बीज योजना के लिए प्रक्रिया पूर्ण कराई जा रही है जल्द ही किसानों को योजना से लाभान्वित करा दिया जाएगा साथ ही उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण का लक्ष्य के सापेक्ष नमूना प्राप्त कर परीक्षण करा दिया गया है और मृदा परीक्षण कार्ड वितरित करने के साथ-साथ किसानों को पोषक तत्वों की कमी के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में अधिशाषी अभियंता सिंचाई ने बताया कि 01 अक्टूबर से नहरों को बन्द कर दिया गया है जो की माह दिसम्बर में पुनः चालू की जाएंगी। उक्त के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नहरों से सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण कराया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जब नहरों का संचालन किया जाए तब नहरों के अंतिम छोर तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचे जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके।
जिला भूमि संरक्षण अधिकारी ने बताया कि जनपद में प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष 60 प्रतिशत से अधिक भूमि का समतलीकरण कराया जा चुका है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद में बागवानी मिशन के अंतर्गत केले तथा स्ट्रॉबेरी आदि की खेती कराई जा रही है साथ ही जैविक खेती तथा मसाला खेती का भी लक्ष्य के सापेक्ष किसानों का चयन कर उन्हें लाभान्वित कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि लाभान्वित किसानों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराएं जिससे उनकी आय में हुई वृद्धि तथा विभाग के योगदान का उल्लेख किया जा सके साथ ही उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि उद्यान विभाग तथा रेशम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ व सक्षम बनाने हेतु कार्य किया जाए।
उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार,एआर कोऑपरेटिव संजीव गौतम, अधिशाषी अभियंता सिंचाई संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया।

