
बाल दुर्व्यापार की रोकथाम को लेकर सीतामढ़ी पुलिस की पहल, जागरूकता पोस्टर का विमोचन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी : बाल दुर्व्यापार की रोकथाम एवं बच्चों की सुरक्षा के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी श्री अमित रंजन के निर्देश के अनुपालन में सीतामढ़ी पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। इसी क्रम में गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई (AHTU) एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में जनजागरूकता पोस्टर का विमोचन पुलिस उपाधीक्षक यातायात-सह-विशेष अपराध श्री अविनाश कुमार सिंह द्वारा किया गया। अभियान के तहत पोस्टर को जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, हॉटस्पॉट एवं पंचायतों में प्रदर्शित कर आमजन को बाल दुर्व्यापार की रोकथाम, बच्चों की सुरक्षा एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के प्रति जागरूक किया जाएगा। बाल संरक्षण के प्रति सीतामढ़ी पुलिस की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन के निर्देश के अनुपालन में जिला के सभी थानों में चाइल्ड हेल्पडेस्क की स्थापना एवं शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के द्वारा संयुक्त रूप से बाल श्रम , बाल विवाह, बाल दुर्व्यापार के विरुद्ध निरंतर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक-सह-प्रभारी सुशील कुमार सिंह, कन्वर्जेंस विशेषज्ञ मुकुंद कुमार चौधरी, मनीष कुमार, पायल सिंह, ज्योति कुमारी, काजल कुमारी, शिवशंकर , सीतांशु कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



