
‘मैं अपने परिवार के साथ प्रदर्शन में शामिल होऊंगा’, केजरीवाल ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान नई दिल्ली
नई दिल्ली। वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदर्शन में अपने परिवार के साथ शामिल होने की बात कही है।
गोवा में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जो लोग भाजपा को वोट नहीं देते, उनके वोट काटे जाते हैं और फर्जी वोट जोड़े जाते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों को जंतर-मंतर पहुंचना चाहिए। उन्होंने इसे किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का मुद्दा न बताते हुए पूरे देश से जुड़ा मामला बताया।
उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में वह स्वयं शामिल होंगे और उनका पूरा परिवार भी उनके साथ रहेगा।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो और रेल सेवाओं को लेकर भी कई बदलाव किए गए हैं। कई मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कुछ शिक्षण संस्थानों में शनिवार को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित किए जाने और निर्धारित परीक्षाओं को स्थगित किए जाने की बात कही गई है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दूसरे राज्यों से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली 38 ट्रेनों को रद्द किया गया है। दिल्ली के अन्य रेलवे स्टेशनों पर रेल परिचालन सामान्य रहने की बात कही गई है।
CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस की ओर से अनुमति नहीं देने के पीछे पिछले प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर कानूनी निर्देशों का पालन नहीं किए जाने का हवाला दिया गया है।
इसके बावजूद प्रदर्शन को लेकर पार्टी की ओर से तैयारियां जारी हैं। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। अब 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में स्थिति किस तरह रहती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


