
पर्वों को लेकर औरैया पुलिस अलर्ट, अधिकारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। आगामी पर्वों के मद्देनजर औरैया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, रावण दहन एवं रामलीला कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
इसके अलावा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए। आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों से समन्वय स्थापित कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक औरैया सहित क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी अजीतमल एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना मौजूद रहे।


