
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कलेक्ट्रेट के मानस सभागार में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों ने एकता एवं अखंडता बनाए रखने का दिलाया संकल्प
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार,मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को याद किया।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के अथक प्रयासों, अद्वितीय नेतृत्व और दूरदर्शिता के कारण स्वतंत्रता के पश्चात विभिन्न रियासतों का एकीकरण संभव हो सका और भारत एक संगठित राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि आज के समय में देश की एकता और अखंडता की चर्चा करना सहज है, लेकिन स्वतंत्रता के समय विभिन्न रियासतों को एकजुट करना अत्यंत कठिन एवं चुनौतीपूर्ण कार्य था। सरदार पटेल ने अपनी असाधारण कार्यक्षमता और दृढ़ संकल्प से इस ऐतिहासिक दायित्व को बहुत कम समय में पूरा कर दिखाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने स्तर से राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारा, सहयोग और परस्पर सम्मान की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब हम सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करेंगे, तभी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार कर सकेंगे और देश को उन्नति एवं प्रगति के पथ पर आगे ले जा पाएंगे।
जिलाधिकारी ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता का संदर्भ देते हुए शक्ति, सामर्थ्य, क्षमा और आत्मसम्मान के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सच्ची क्षमा और सहिष्णुता का महत्व तभी है, जब व्यक्ति में अन्याय एवं चुनौतियों का सामना करने की शक्ति भी हो। राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता के लिए सामर्थ्य एवं दृढ़ संकल्प आवश्यक हैं।
मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने अपने संबोधन में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं मीडिया के साथियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात देश की 565 रियासतों का एकीकरण करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था। उस समय राजनीतिक, भौगोलिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियां अत्यंत जटिल थीं, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर इन रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का यह योगदान केवल ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणास्रोत भी है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए अपने-अपने स्तर पर निरंतर प्रयास करें तथा समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा दें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के संघर्षपूर्ण जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका तथा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने किसानों के हितों के लिए किए गए आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से देश को आजाद कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराना था। सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, राजनीतिक कुशलता और दृढ़ संकल्प से इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का योगदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता अखंडता एवं सदभाव की शपथ दिलाई।
उक्त के पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली का आयोजन किया गया। जिसको जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ प्रतिभाग किया। इस आयोजन के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामूहिकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अरसला नाज, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

