आजीविका मिशन के स्टालों में दीपावली से जुड़ उत्पादों की धूम
आजीविका उत्पादों को खरीदकर महिलाओं के सशक्तिकरण सहयोग करें – सीईओ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : ग्रामीण विकास विभाग के तहत संचालित राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से हजारों महिला स्वसहायता समूह जुड़े हुए हैं। स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा दीपावली की रोशनी और खुशी को बढ़ाने के लिए कई आकर्षक सजावटी सामग्री, दीपक एवं श्रीअन्न से बने हुए उत्पाद तैयार किए गए हैं। आजीविका मिशन द्वारा रीवा शहर में ढेकहा तिराहा यूनियन बैंक के सामने, पद्मधर पार्क एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय जिला पंचायत में इन उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में मिट्टी के दीपक, सजावटी एवं पूजन सामग्री, मिठाईयाँ तथा श्रीअन्न से बनाए गए पौष्टिक उत्पाद उपलब्ध हैं। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कहा है कि महिला स्वसहायता समूह द्वारा परिश्रम और लगन के साथ दीपावली त्योहार से जुड़ी सामग्रियां तैयार की गई हैं। दीपवली पर्व को परंपरागत रूप से मनाने के लिए प्रदर्शनी में उपलब्ध सामग्री बहुत उपयोगी हैं। उन्होंने आमजनता से इन उत्पादों को क्रय करने की अपील करते हुए कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित वस्तुएं खरीदकर महिला सशक्तिकरण में सहयोग करें। आप सब का थोड़ा सा सहयोग इनके जीवन में आर्थिक विकास का प्रकाश फैलाएगा। हम सबकी तरह इन महिलाओं के भी जीवन में खुशियों के दीपक जगमाएंगे।

