
रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में ध्रुव ग्लोबल स्कूल की छात्राओं की स्वर्णिम उड़ान
सानवी जाधव का तीन स्वर्ण पदकों के साथ शानदार प्रदर्शन
वर्णिका दाडिगा ने सीबीएसई प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे: पुणे शहर के उंड्री स्थित ध्रुव ग्लोबल स्कूल की छात्राओं ने रोलर स्केटिंग प्रतियोगिताओं में दृढ़ संकल्प, निरंतरता और उत्कृष्ट खेल के दम पर शानदार सफलता हासिल की है। स्कूल की प्रतिभावान छात्राओं ने जिला और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाते हुए स्कूल का गौरव बढ़ाया है।
36वीं पुणे जिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 में सानवी सागर जाधव ने क्वाड्स (Quads) वर्ग में तीन स्वर्ण पदक जीते। 16 से 18 अक्टूबर 2026 के दौरान विमान नगर स्केटिंग रिंक, पुणे में यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग में सानवी ने अपने उत्कृष्ट कौशल के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसी प्रतियोगिता में स्कूल की कक्षा तीसरी ‘ब’ की छात्रा वर्णिका दाडिगा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। निरंतर अभ्यास, लगन और मेहनत के दम पर उसने यह सफलता पाई।
इसके बाद वर्णिका ने सीबीएसई 2026-27 के अंतर्गत आयोजित रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में भी उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। बेंगलुरु के केंगेरी स्थित अविन इंटरनेशनल स्कूल में हुई इस प्रतियोगिता में क्वाड्स अंडर-9 वर्ग की रोड वन लैप स्पर्धा में उसने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
छात्राओं की इस शानदार सफलता पर ध्रुव ग्लोबल स्कूल के संस्थापक डॉ. संजय मालपाणी, निदेशक यशोवर्धन मालपाणी, अनिष्का मालपाणी और प्राचार्या शारदा राव ने उनकी विशेष सराहना की और आगे के खेल सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। छात्राओं की इस उपलब्धि से स्कूल की खेल उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। इन नन्हीं खिलाड़ियों की सफलता पर पूरे पुणे से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।



