
स्वच्छ शौचालय से बनेगा गरिमामय भविष्य, पुणे जिले में अभियान का शुभारंभ
19 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगा अभियान, सार्वजनिक एवं संस्थागत शौचालयों की मरम्मत और नियमित उपयोग पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर 19 नवंबर 2026 को पुणे जिले में ‘स्वच्छ शौचालय – गरिमामय भविष्य’ अभियान का शुभारंभ जिला परिषद पुणे के अध्यक्ष विरधवल जगदाळे के हाथों किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांवों में पारिवारिक और संस्थागत शौचालयों का समय-समय पर रखरखाव एवं मरम्मत कर उनका नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी गांवों में स्थायी स्वच्छता बनी रहे।
जगदाळे ने कहा कि जिले के सभी गांवों में स्वच्छता की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अब इनका नियमित उपयोग और समय-समय पर रखरखाव जरूरी है। अभियान के दौरान सभी संस्थागत स्वच्छता सुविधाओं की मरम्मत एवं देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील ने कहा कि शौचालय और स्वच्छता की सुविधाओं से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। स्वच्छता से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद मिलती है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सभी ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक शौचालयों की कार्यक्षमता, सुरक्षा और उपयोग की सुगमता में सुधार किया जाएगा। जर्जर एवं लंबे समय से अनुपयोगी पड़े शौचालयों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें फिर से उपयोग में लाया जाए। विशेष रूप से विद्यालयों, दिव्यांगजनों के लिए बने शौचालयों और सार्वजनिक शौचालयों पर प्राथमिकता से ध्यान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष विरधवल जगदाळे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील एवं अन्य अतिथियों ने अभियान के पोस्टर का अनावरण किया।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष विवेक वळसे पाटील, निर्माण एवं स्वास्थ्य समिति की सभापति दीपाली हुलावळे, कृषि एवं पशुसंवर्धन समिति के सभापति अमोल नलावडे, समाज कल्याण समिति के सभापति जितेंद्र बडेकर, महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति अंकिता पाटील, जिला परिषद सदस्य शांताराम इंगवले, श्रीमंत ढोले, करण खलाटे एवं मोनिका हरगुडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
यह अभियान 19 नवंबर 2026 (विश्व शौचालय दिवस) से 10 दिसंबर 2026 (मानवाधिकार दिवस) तक जिले के सभी गांवों में संचालित किया जाएगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील ने अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी स्वच्छता सुनिश्चित करने की अपील की।



