
इटावा में राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं पीड़ित महिलाओं की समस्याएं, 15 दिन में निस्तारण के निर्देश
जनसुनवाई में मिले 16 शिकायत पत्र, पेंशन से संबंधित शिकायतों की रही सर्वाधिक संख्या
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम में महिला जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 16 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक मामले पेंशन से संबंधित रहे।
जनसुनवाई के दौरान आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्राप्त शिकायतों का 15 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की छोटी-बड़ी सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान सुरक्षित रहे। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि उत्पीड़न या सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी घटना पर बेझिझक टोल फ्री नंबर पर शिकायत करें। समय से न्याय न मिलने पर राज्य महिला आयोग में भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान अपने पिछले कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लिखित रूप में लेकर आएं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, परियोजना अधिकारी यूपीनेड प्रिया शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पीड़ित महिलाएं उपस्थित रहीं।



