शुक्रवार को भिड़े वाड़ा से नगर निगम तक निकलेगी सत्यशोधक रैली, महापालिका में होगी अभिरूप सभा
महात्मा फुले पारंपरिक बग्गी में होंगे सवार, 100 से अधिक नागरिक पारंपरिक वेशभूषा में होंगे शामिल
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे : महात्मा ज्योतिराव फुले की जन्म द्विशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पुणे महानगरपालिका की ओर से शुक्रवार (27 नवंबर) को सत्यशोधक रैली और अभिरूप सभा का आयोजन किया गया है। महात्मा फुले की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर निकलने वाली यह रैली ऐतिहासिक भिड़े वाड़ा से शुरू होकर पुणे महानगरपालिका पहुंचेगी। इसके बाद महापालिका के नए सभागृह में अभिरूप सभा आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने दी।
सत्यशोधक रैली की शुरुआत दोपहर 2 बजे भिड़े वाड़ा में संविधान पूजन के साथ होगी। इसके बाद महात्मा ज्योतिराव फुले की वेशभूषा में एक कलाकार पारंपरिक बग्गी में सवार होकर रैली में शामिल होंगे। भिड़े वाड़ा से अप्पा बलवंत चौक होते हुए रैली पुणे महानगरपालिका पहुंचेगी, जहां महात्मा फुले का स्वागत किया जाएगा। इस रैली में पुणे की पारंपरिक वेशभूषा धारण किए 100 से अधिक नागरिक शामिल होंगे।
महापालिका परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं पर फुले की वेशभूषा में आए कलाकार द्वारा पुष्पहार अर्पित कर अभिवादन किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे महापालिका के नए सभागृह में अभिरूप सभा शुरू होगी। इस अवसर पर महापौर मंजुषाताई नागपुरे सभा को संबोधित करने वाले महात्मा फुले का स्वागत करेंगी। कार्यक्रम में महापालिका के सभी राजनीतिक दलों के गुटनेता, नगरसेवक, पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि महात्मा ज्योतिराव फुले ने पुणे महानगरपालिका में आयुक्त और नगरसेवक के रूप में सात वर्षों तक कार्य किया था। उनके सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक योगदान को सम्मान देने तथा सत्यशोधक विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभिरूप सभा के दौरान दर्शक दीर्घा में कुछ आमंत्रित नागरिकों को भी उपस्थित रहने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने दी।

