
रीवा :आधी तूफान बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच 220 के.व्ही. अमरकंटक सीधी लाईन में 55 मीटर ऊपर सुधार कार्य करने वाले लाइनमेन श्री बल सिंह सहित विन्ध्य अंचल के तीन तकनीकी कार्मिकों को मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने सम्मानित किया गत दिवस जबलुपर में आयोजित उत्कृष्ट सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रंबध संचालक इंजी. सुनील तिवारी ने लाइनमेन श्री बल सिंह, रीवा के वरिष्ठ लाइन परिचारक श्री ब्राम्हानंद मिश्रा एवं मैहर के वरिष्ठ परीक्षण सहायक श्री जीपी त्रिपाठी को प्रशस्ति पत्र,सिल्वर मेडल तथा नगद पुरूस्कार से सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की 220 के.व्ही. अमरकंटक सीधी लाईन में फाल्ट आ गया था। इस लाइन का कम से कम समय में सुधार कार्य करना बहुत आवश्यक था अन्यथा सीधी जिले में विद्युत आपूर्ति करना मुश्किल हो जाता। अति उच्च दाब लाइन की संधारण टीम ने शहडोल के पास फाल्ट ढूंढ़ निकाला उस समय तेज हवाओं,बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच शहडोल संधारण टीम के लाइनमेन बल सिंह ने जांबाजी दिखाते हुए लगभग 55 मीटर की ऊँचाई पर रस्सी के सहारे डिस्क इंसुलेटर बदलने का उल्लेखनीय कार्य किया जिसके कारण सीधी जिले की विद्युत आपूर्ति बाधित होने से बचायी जा सकी। उन्हें इस उत्कृष्ट कार्य के लिये मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने पुरूस्कृत किया। उल्लेखनीय है की श्री बल सिंह की इस उपलब्धि को माननीय मुख्यमंत्री ने भी प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों में सम्मिलित कर पोस्टर प्रकाशित करते हुए। सम्मान प्रदान किया जा चुका है।

इसी प्रकार 132 के.व्ही. उपकेन्द्र रीवा में पदस्थ वरिष्ठ लाइन परिचारक श्री ब्रह्मनंद मिश्रा ने 40 एमव्हीए ट्रांसफारमर के ब्रोक की आकस्मिक स्थिति में मरम्मत करने का एक उल्लेखनीय और प्रशसंनीय कार्य किया जिसके कारण रीवा शहर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से बचाया जा सका। यहां यह उल्लेखनीय है कि यदि इस उपकरण की मरम्मत नहीं हो पाती तो इसे सुधारने संबंधित कंपनी से इंजीनियर आते जिसमें तीन से चार दिन लग सकता था। उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिये कंपनी ने उन्हें पुरूस्कृत किया। जबकि 220 के.व्ही. उपकेन्द्र मैहर में पदस्थ वरिष्ठ परीक्षण सहायक डी.पी. त्रिपाठी ने मैहर में 160 एमव्हीए ट्रांसफारमर की स्थापना के दौरान कमिशनिंग और टेस्टिंग का काम लगातार किया जिसके कारण अल्प समय में ट्रांसफारमर ऊर्जाकृत हो सका। जिससे सतना और मैहर क्षेत्र में बढ़ते विद्युत लोड को समय पर मैनेज किया जा सका।
सम्मान समोराह में प्रबंध संचालक इंजीनियर सुनील तिवारी ने कहा कि कोरोना के भय के बीच पिछले एक वर्ष में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्मिको ने अपने कार्य कौशल और दृढ़ता के साथ अनेक लक्ष्यों को समय से पहले पूरा कर असाधारण कार्य क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि हालांकि इस बीच कंपनी की सेवा करते हुये बहुत से कार्मिक कोरोना से प्रभावित हुये और उनमें से अनेकों को असमय खोना पड़ा। लेकिन कंपनी के कार्मिकों का जज्बा था कि उन्होंने समूचे प्रदेश में अनवरत विद्युत आपूर्ति जारी रखने में कोई कसर नही छोड़ी। उनके कार्यों के कारण पावर ट्रांसमिशन कंपनी पूरे प्रदेश में कहीं भी कोई व्यवधान नहीं आया। उन्होंने पुरस्कृत कार्मिकों को बधाई देते हुये सभी कार्मिकों को भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन) इंजीनियर संदीप गायकवाड़ ने किया। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक तकनीकी अविनाश वाजपेयी सहित सभी कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।



