रीवा जिले में आज 145 केन्द्रों में होगा कोविड टीकाकरण
रीवा नगर निगम तथा गोविंदगढ़ क्षेत्र के 145 केन्द्रों में आज लगेंगे टीके
रीवा: रीवा जिले में टीकाकरण का अभियान लगातार जारी है। जिले में 14 नवम्बर को रीवा नगर निगम के सभी वार्डों का गोविंदगढ़ के सभी वार्डों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कोरोना वैक्सीन के टीके लगाये जायेंगे। इसके लिए शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के 145 टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल मिश्रा ने बताया कि रीवा नगर निगम क्षेत्र में 60 केन्द्र बनाये गये हैं। इनके साथ-साथ विभिन्न वार्डों में 15 मोबाइल टीमें भी तैनात की गयी हैं। इनके द्वारा निर्धारित स्थलों में जाकर टीके लगाये जायेंगे। अभियान के तहत वैक्सीन की दूसरी डोज के पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता से टीके लगाये जायेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मोबाइल टीम में रीवा नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में भ्रमण करेंगे। दिव्यांग तथा अधिक आयु के व्यक्तियों को उनके घर जाकर टीके लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा है कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की दोनों डोज निर्धारित अंतर से लेना आवश्यक है केवल एक डोज लेने वाले व्यक्तियों को कोरोना संक्रमण का खतरा बना रहेगा। इस लिए दूसरी डोज के पात्र सभी व्यक्ति कोरोना वैक्सीन का टीका आवश्यक लगवाये।


