
थ्री लेयर टाइट सिक्युरिटी व्यवस्था एवं सीसीटीवी की कड़ी निगरानी में होगी मतों की गिनती।
विशाल समाचार टीम बिहार
सीतामढी/ बिहार:जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुनील कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय ने सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोसाईपुर एवं एमपी हाई स्कूल डुमरा स्थित बज्रगृह सह मतगणना केंद्र का भ्रमण कर प्रशासनिक तैयारी का जायजा लिया , एवम चल रही तैयारियो को अंतिम रूप दिया। डीएम-एसपी ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवम पुलिस पदाधिकारियो को संयुक्त रूप से संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवम कर्मी हर हाल में ससमय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुँच जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी एवम उनके अभिकर्ता को सुबह 7 बजे से मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के आलोक में प्रत्याशी ,उनके अभिकर्ता सहित किसी को भी (वरीय अधिकारी को छोड़कर)मतगणना केंद्र में मोबाइल ले जाने की अनुमति नही दी जाएगी। जिलाधिकारी ने कल 17 नवंबर को होने वाले मतों की गिनती के संबंध में प्रखंडवारवार की जा रही प्रशासनिक तैयारी का जायजा लिया।

उन्होंने मतगणना केंद्र पर प्रखंडवार आवंटित स्थल तथा वहां पर अब तक की गई तैयारी का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन का नियमित कार्य संचालित करने तथा सेंटर पर थर्मल स्कैनिंग हैंड सैनिटाइज करने तथा मास्क का प्रयोग सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सेंटर पर प्रत्येक व्यक्ति को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना आवश्यक है। दोनों
मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। इसके तहत जिला पुलिस बल के जवान तीन लेयर में सेंटर के भीतर एवं बाहर की सुरक्षा की व्यवस्था देखेंगे।
जगह जगह पर सीसीटीवी अधिष्ठापित किए गए हैं तथा वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था की गई है। अनाधिकृत व्यक्तियों के केंद्र के भीतर प्रवेश पर रोक लगाया गया है। मतगणना केंद्र पर जाने हेतु पास की व्यवस्था की गई है।
परिसर के भीतर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं जिसके द्वारा सभी कार्यों की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना केंद्र पर पेयजल, शौचालय साफ सफाई बिजली आपूर्ति, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही आवश्यक स्थलों को चिन्हित कर बैरीकेडिंग करने का निर्देश दिया गया है।



