
इटावा यूपी: प्रसपा मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि चौधरी चरण सिंह का नाम उन नेताओं में अग्रणी है जिन्होंने आजादी के बाद देश के नवनिर्माण लोकतंत्र तथा समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सार्थक परिवर्तन रेखांकित करने योग्य अध्यायों के सूत्रधार बने।
श्री यादव ने यहां चौधरी चरण सिंह जयंती के मौके पर चौ. चरण सिंह डिग्री कालेज के आटोडोरियम में आयोजित कवि सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि उदघाटन के उपरांत जनसमूह को संबोधित करते हुये कहा कि उन्होंने पंडित नेहरू की ऐश्वर्य युक्त धारा के समानांतर चलने वाली आचार्य नरेन्द्र देव, डॉ.लोहिया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण की ऋषि व त्यागमयी परंपरा को आगे बढ़ाया। श्रीयादव ने कहा कि वह देश भाषा, तकनीकी तथा पूंजी के आधार पर देश की समग्र तरक्की चाहते थे। उन्हें अर्थशास्त्र की गहरी समझ व जानकारी थी। उन्होंने महात्मा गांधी की आर्थिक अवधारणाओं की समसामयिक व तात्विक दृष्टि से विवेचना की और सरकार में आते ही दृढ़तापूर्वक लागू करवाया।
23 दिसंबर,1902 को मेरठ के छोटे से गांव नूरपुर के एक साधारण कृषक परिवार में चौधरी मीर सिंह के पुत्र के रूप में जन्मे चौधरी साहब की स्पष्ट मान्यता थी कि भारी उद्योगों तथा विदेशी पूंजी पर आधारित अर्थव्यवस्था से देश का भला नहीं हो सकता। वह छोटे, मंझले व कुटीर उद्योगों तथा कृषि को संरक्षण प्राथमिकता देनी वाली नीतियों के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने स्वदेशी अवधारणा को आगे बढ़ाया। प्रसपा मुखिया ने कहा कि आज उनके विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक प्रतीत होते। यदि वह जीवित होते तो किसी भी दशा में विदेशी निवेश की अनुमति नहीं देने देते।
28 जुलाई 1979 उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप शपथ ली। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह उसी सरकारी आवास में रहे जिसमें बतौर सांसद रहते थे। उन्होंने नेता जी मुलायम सिंह यादव को अपना उत्तराधिकारी भी घोषित कर दिया। वह काबिलियत व श्रम की कद्र करते थे। वह सदैव चमक – दमक से अप्रभावित रहे। 1985 में किसानों का मसीहा बीमार पड़ा और विचारों की अनमोल विरासत आने वाली नस्ल को सौंपते हुए 29 मई 1987 को इस दुनिया से विदा ली। आज चौधरी साहब की देश को जरूरत है।



