रीवा

सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक संपन्न

सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक संपन्न

रीवा विशाल समाचार टीम

रीवा एमपी: सांसद श्री जनार्दन मिश्रा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान विधायक मनगवां डॉ. पंचूलाल प्रजापति सहित विधायक प्रतिनिधियों, समिति के सदस्य, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में गत बैठक के पालन प्रतिवेदन के साथ कोविड वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि जिले में कोरोना संक्रमण की दर 3.96 प्रतिशत है तथा नियंत्रण के साथ कारगर उपाय सुनिश्चित कराये जा रहे हैं। जिले में 15 से 18 वर्ष आयु के किशोरों के टीकाकरण का कार्य अभियान चलाकर किया जा रहा है आगामी तीन दिवस में शत प्रतिशत किशोरों को टीका लगा दिया जायेगा।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत 10 हजार एवं 20 हजार रूपये के ऋण प्रकरणों की समीक्षा के दौरान सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर व जरूरतमंदों को बैंक से समन्वय बनाकर लोन दिलाया जाना सुनिश्चित करायें। इस दौरान जानकारी दी गई कि प्रथम चरण 10 हजार रूपये के लोन के लिये 6191 भौतिक लक्ष्य के विरूद्ध 97 प्रतिशत की पूर्ति हो चुकी है। इसमें 619.1 लाख रूपये की वित्तीय लक्ष्य पूर्ति की गई। इसी प्रकार प्रधानमंत्री पथ विक्रेता आत्मनिर्भर की द्वितीय लोन राशि 20 हजार के लिये नगर पालिक निगम रीवा में 1908 के लक्ष्य के विरूद्ध 353 हितग्राहियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। नगर परिषदों में प्रथम चरण में 828 शेष प्रकरणों तथा द्वितीय चरण के 577 हितग्राहियों को 31 जनवरी के पूर्व शत प्रतिशत ऋण वितरण कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये।
बैठक में कुपोषण प्रबंधन पर चर्चा के दौरान जानकारी दी गयी कि जिले में कुपोषित बच्चों को सामान्य स्थिति में लाये जाने के प्रयास जारी हैं। रीवा जिला प्रदेश में गत माहों में कुपोषण से सुधार की रैंकिंग में टॉप पांच जिलों में शामिल है। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि रीवा जिले में एडाप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक-एक, नगर पंचायतों को दो-दो तथा नगर पालिक निगम को पांच आंगनवाड़ी गोद लेनी है जिसकी संपूर्ण व्यवस्था व सुधार की जिम्मेदारी उनकी होगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विभागीय अधिकारी एक-एक आंगनवाड़ी को गोद लेकर उसकी नियमित मानीटरिंग करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वह भी आंगनवाड़ी गोद लेकर उसकी व्यवस्था के सुधार में भागीदार बनें। सांसद श्री मिश्रा ने बैठक में कहा कि वह जिले की सबसे सुदूर व आदिवासी क्षेत्र की आंगनवाड़ी गोद लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आंगनवाड़ी में आगामी वर्षाकाल में मुनगे के पौधा रोपण कराये जाने की कार्ययोजना बनायें।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की समीक्षा के दौरान रीवा नगर निगम क्षेत्र में एएचपी घटक के तहत जानकारी दी गई कि रतहरा में 238, ललपा में 140, गोल क्वार्टर में 350 व सुंदर नगर में 196 ईडब्ल्यूएस आवास पूर्ण हो चुके हैं जिनमें 625 हितग्राहियों द्वारा 25.51 करोड़ रूपये की राशि जमा कराई जा चुकी है। इसी प्रकार एमआईजी व एलआईजी आवासों का निर्माण कार्य भी प्रगतिरत है। अभी तक 1442 ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को आवास आवंटित किये जा चुके हैं। बीएलसी स्कीम के तहत 1676 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवासों के पूर्ण के स्वीकृत प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा नवीन आवासों के लिये कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश बैठक में दिये गये। कलेक्टर ने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि नियमित तौर पर पीएम आवास की मानीटरिंग करें। इस दौरान नगरीय निकाय के सीएमओ ने अपने निकाय में आवासों की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, सीईओ जिला पंचायत स्वप्निल वानखेड़े सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button