
रीवा एमपी: गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह एसएएफ मैदान में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने ध्वजरोहण कर परेड की सालामी ली। समारोह में शासन के विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों से विकास की छटा बिखेरी गयी। समारोह में पुलिस विभाग की झांकी में महिला हेल्प डेस्क तथा सड़क सुरक्षा को प्रदर्शित किया गया। नगर निगम रीवा की झांकी में समग्र स्वच्छता अभियान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का सजीव प्रदर्शन किया गया। समारोह में जिला पंचायत द्वारा प्रस्तुत झांकी में आजीविका मिशन से सशक्त हो रही महिलाओं एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान को प्रदर्शित किया गया।

समारोह में वन विभाग की झांकी में बांस मिशन से समृद्ध होता किसान को प्रदर्शित किया गया। इसमें बांस की खेती तथा विभिन्न बांस उत्पादकों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। महिला एवं बाल विकास की झांकी में ऐडाप्ट आंगनवाड़ी का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। इसमें बच्चों की प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल तथा पोषण आहार वितरण को भी दिखाया गया। कृषि विभाग की झांकी में जैविक खेती तथा ई-उपार्जन, स्वास्थ्य विभाग की झांकी में कोरोना से बचाव एवं कोविड टीकाकरण तथा शिक्षा विभाग की झांकी में आनलाइन शिक्षा को प्रदर्शित किया गया। समारोह में पशुपालन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंतकीय विभाग, उद्यानिकी विभाग तथा मछली पालन विभाग की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गयी।


