
रीवा एमपी: मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा देवतालाब स्टेडियम में आयोजित विधायक कप प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने कहा कि हार से कभी हतोत्साहित नहीं होना चाहिए क्योंकि हार से ही जीत का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने विजेता खिलाडि़यों को बधाई दी तथा हारे हुए खिलाडि़यों को आगामी मैचों में अच्छे प्रदर्शन की अपेक्षा की ताकि उन्हें जीत हासिल हो सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शासन स्तर से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से विधायक कप आयोजित किये जा रहे हैं। शासन का प्रयास है कि खेलों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अंचल के खिलाडि़यों की प्रतिभा निखारी जाय ताकि वह राष्ट्रीय व अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करें और देश का नाम रोशन हो। श्री गौतम ने देवतालाब स्टेडियम को बेहतर बनाने के लिये खेल एवं युवक कल्याण विभाग के संभागीय अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेषज्ञ से परीक्षण कराकर तत्काल कार्ययोजना प्रेषित करें ताकि इसमें अन्य जरूरी सुधार हो सके। उन्होंने स्टेडियम में दर्शकों को बैठने के लिये स्टाप बनाने तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा खेलों के लिये आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किये जाने के लिये भी आश्वस्त किया। श्री गौतम ने विधायक निधि से प्रदत्त कबड्डी मैट का भी लोकार्पण किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अध्यक्ष के तौर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम उपस्थित रहे। विधायक कप प्रतियोगिता के बालक वर्ग के फुटबाल मैच की विजेता देवतालाब टीम को विधानसभा अध्यक्ष ने ट्राफी प्रदान की। उन्होंने बालिका वर्ग की फुटबाल टीम की विजेता ढेरा टीम, उपविजेता नईगढ़ी टीम व बालक वर्ग की उपविजेता टीम नईगढ़ी के खिलाडि़यों को भी पुरस्कृत किया। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी खिलाडि़यों से परिचय भी प्राप्त किया। कार्यक्रम में संभागीय खेल अधिकारी एम.के. धौलपुरी ने स्वागत उद्बोधन एवं आभार प्रदर्शित किया। इस दौरान एसडीएम ए.पी. द्विवेदी, सुरेन्द्र सिंह चंदेल, शिवपूजन शुक्ला, मन्नू गुप्ता, अवधेश तिवारी, पुष्पेन्द्र गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जन तथा बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्र के खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


