
आलोक कुमार तिवारी प्रतिनिधि रीवा –
रीवा एमपी: विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने आज देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े अधिकारियों/कर्मचारियों की बैठक लेकर विकास योजनाओं की समीक्षा की।
देवतालाब में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए श्री गौतम ने कहा कि ग्रामीण अंचल के विकास से ही क्षेत्र का संपूर्ण विकास हो सकेगा। शासकीय अधिकारी व कर्मचारी शासकीय दायित्व के निर्वहन के साथ सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन करें। उन्होंने ग्रामीणजनों से अपेक्षा की कि शासन की योजनाओं व कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अपनी भागेदारी निभाये निगरानी रखें तथा अपना स्वयं का या अपने गांव का कार्य मानकर इसकी मानीटरिंग करें व कार्य में सहयोग दें।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी के सहयोग से ही देवतालाब को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है। गांव की अंदर की सड़के भी पीसीसी की होगी साथ ही अन्य आधारभूत जरूरतों की पूर्ति कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में हर जरूरतमंद पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिले कोई भी इससे वंचित न रहे। श्री गौतम ने अपील की कि तालाबों की संरचना दुरूस्त करने में सभी सहभागी बनें। जल का संरक्षण व संवर्धन करें तथा तालाबों को भरे जाने के सभी प्रयास हों। उन्होंने बताया कि नईगढ़ी माइक्रो में बाणसागर का पानी लाने का कार्य रूका हुआ है उसके व्यवधान को दूर कर 356 गांवों सहित अन्य सर्वे में जुड़े 40 गांवों में दिसम्बर तक पानी पहुंचाने का कार्य कराया जायेगा। श्री गौतम ने क्षेत्र की समस्याओं को हर संभव दूर करने में अपनी तरफ से मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अपेक्षा की कि सभी लोग समन्वय व सहयोग से कार्य करते हुए देवतालाब को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाये ताकि यह प्रदेश का मॉडल विधानसभा क्षेत्र बने।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं की ग्रामवार समीक्षा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी मऊगंज ए.पी. द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, सुरेन्द्र सिंह चंदेल, शिवपूजन शुक्ला, जनपद अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, मन्नू गुप्ता, अवधेश तिवारी, पुष्पेन्द्र सिंह सहित जिला पंचायत के अधिकारी, संबंधित जनपद के सीईओ, सब इंजीनियर, रोजगार सहायक, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


