
विशाल समाचार सीतामढी
आगामी मानसून एवं बाढ़ के दौरान सीतामढ़ी शहर में जलजमाव से बचने के लिए एक सप्ताह के अंदर सभी नालों की उड़ाही करवाना सुनिश्चित करें :-पदाधिकारी
सीतामढी बिहार: जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में समाहरणालय के कार्यालय कक्ष से सीतामढ़ी शहर मे आगामी मानसून एवं बाढ़ के दौरान अतिवृष्टि से हुए जलजमाव से बचने के लिए बैठक की गई। जिसमें जिला पदाधिकारी द्वारा नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के अंदर सभी नालों की उड़ाही करवाना सुनिश्चित करें। उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि अधिक संख्या में जेसीबी का प्रयोग करते हुए नालों की सफाई कराएं ताकि शहर में जलजमाव की स्थिति ना हो। साथ ही नालों से निकले कचरे को उसी समय वहां से हटाए उन्होंने निर्देशित किया कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में सभी आवश्यक तैयारी अभी से ही पूर्ण कर ले। शहर के निचले इलाके में पानी निकासी हेतु पंप सेट की व्यवस्था करें तथा रिंग बांध एवं अन्य स्थानों पर अतिक्रमण करने वालो के खिलाफ नोटिस निर्गत कर करवाई करने का निर्देश दिया। लखनदेई नदी की साफ-सफाई एवं जलकुंभी हटाना सुनिश्चित करें। उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय, उप विकास आयुक्त विनय कुमार, वरीय आपदा प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र नाथ गुप्ता, आपदा प्रभारी पदाधिकारी शंभू नाथ, ओएसडी प्रशांत कुमार, अधीक्षण अभियंता सीतामढ़ी उपस्थित थे।


