
रिपोर्ट विशाल समाचार टीम रीवा
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए क्यूआर कोड और राखी से किया जा रहा प्रेरित
रीवा एमपी : जिले भर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म 6 में आवेदन 31 अगस्त तक दर्ज कराए जाएंगे। जिले भर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस संबंध में स्वीप नोडल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सौरभ सोनवणे ने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रक्षाबंधन पर्व के आयोजन का भी सहारा लिया गया है। स्वीप एम्बेस्डर तथा बीएलओ के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को मतदाता जागरूकता राखी बांधी जा रही है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ मतदाता जागरूकता राखी बांध रहे हैं। इस राखी में एक ओर मतदाता जागरूकता अभियान में जिले के शुभंकर टाइगर मोहन को अंकित किया गया है। दूसरी ओर क्यूआर कोड अंकित है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करके मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सीधे आवेदन किया जा सकता है। इसके साथ-साथ क्यूआर कोड के पम्पलेट और पोस्टर भी बड़ी संख्या में वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही बीएलओ के द्वारा मतदाताओं को जागरूकता शपथ भी दिलाई जा रही है। जिन व्यक्तियों की आयु एक अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष पूरी हो रही है वे सभी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए अवश्य आवेदन करें।


